राजनांदगांव

कुकुरमुड़ा में लोकार्पण व कबड्डी स्पर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 सितंबर। खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला के बालवाड़ी के लिए निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि व अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन साहू, भाजपा नेता विकेश गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य जमुना नरेश कुर्रे, शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, दीक्षा पूर्णाचंद गुप्ता, सरपंच चित्ररेखा गोलू पाल, खेमलाल पाल, यादराम साहू, हरप्रसाद वर्मा व जगन्नाथ वर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों ने कबड्डी प्रतियोगिता में शिरकत की और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रदेश में सुशासन की सरकार है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लेते कहा कि उनके कार्यकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। कई बड़े नेता शराब घोटाले में संलिप्त रहे और जांच के बाद आबकारी मंत्री सहित कई नेता जेल पहुंच गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में गौठान योजना और राजीव गांधी युवा मितान क्लब के नाम पर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही किसानों को धान अंतर की राशि एकमुश्त दी गई है। साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए सीधे उनके खाते में दिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी और क्षेत्र के लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने लोकार्पण और खेल आयोजन का आनंद उठाया तथा शासन की योजनाओं के लाभ की चर्चा भी की।