राजनांदगांव

जयघोष के साथ घरों और पंडालों में विराजे विघ्नहर्ता श्रीगणेश
27-Aug-2025 7:13 PM
जयघोष के साथ घरों और पंडालों में विराजे विघ्नहर्ता श्रीगणेश

आज से नांदगांव में गणेशोत्सव की धूम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अगस्त।
गणेश चतुर्थी पर्व पर बुधवार को पंडालों और घरों में गाजे-बाजे और जयघोष के साथ प्रथम पूजनीय व विघ्नहर्ता श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना का क्रम शुरू हो गया। इसी के साथ गणेश पर्व की शुरूआत हो गई। अगले 11 दिनों तक राजनांदगांव में गणेशोत्सव की धूम रहेगी। विशेषकर शाम से आधी रात तक गणेशोत्सव का नजारा काफी आकर्षक रहेगा। इधर मूर्तिकारों के पास समितियों के पदाधिकारियों का हुजूम नजर आया। वहीं स्थानीय बाजार क्षेत्र में छोटी-बड़ी मूर्तियां ले जाने लोगों की चहल-पहल भी नजर आई। इसके अलावा साज-सजावट के सामानों की बिक्री भी बढ़ गई है।

प्रथम पूजनीय भगवान श्रीगणेश की पौराणिक गाथाओं से जुड़ी लीलाएं अगले ग्यारह दिनों तक स्थल सजावट में नजर आएंगी। गणेशोत्सव के लिए विशिष्ट पहचान बना चुके राजनांदगांव में आज से जगह-जगह विघ्नहर्ता की पूजे जाएंगे। राजनांदगांव में गणेश पर्व को ख्यातिप्राप्त है। शहर के हर चौराहे और गलियों में गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाती है। खास तैयारी के साथ घरों में भी पर्व की रौनक दिखाई देती है। स्थल सजावटों के जरिये लंबोदर महाराज की लीलाओं का प्रदर्शन किया जाता है। रात को कृत्रिम रौशनी से शहर जगमग रहता है। विद्युत झालरों और आकर्षक लाईटिंग व्यवस्था से पर्व का उत्साह दोगुना हो जाता है। 
शहर में कई पुरानी समितियां विशालकाय गणेश की मूतियों की स्थापना करती है। शाम होते ही शहर की सड़कों में भक्तों का रेला दिखाई पड़ता है। ग्रामीण इलाकों से मूर्तियों की एक झलक पाने के लिए लोग आधी रात तक सड़कों में चहल-कदमी करते दिखाई देते हैं। गणेश पर्व के अवसर पर लोगों को शहर में परिवार के साथ समय व्यतीत करने का अवसर भी मिल जाता है। शुरूआत के पहले पांच दिन शहर धार्मिक वातावरण से सरोबार रहता है। गणेश पर्व के आखिरी दिन झांकियों के आकर्षक नजारे के साथ पर्व का समापन होता है। इधर आज सुबह से लोग घरों में मूसक वाहक गणेश की मूर्ति की स्थापना के लिए लोग मूर्तिकारों की दुकानों में पहुंचने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। लोक मान्यता है कि गणपति की पूजा-अर्चना करने से परेशानियां दूर हो जाती है।

फ्लाई ओवर के नीचे उमड़ी भक्तों की भीड़
गणेश चतुर्थी प्रारंभ होने के पूर्व से ही समितियों द्वारा पूजा पंडालों की सजावट शुरू कर दी है। आज भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना के साथ ही आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। अधिकांश पूजा पंडालों में साज-सजावट की तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी है।
इधर संस्कारधानी में भगवान श्रीगणेश की मूर्तियां लेने फ्लाई ओवर के नीचे सजी दुकानों में लोगों की भीड़ नजर आई। इसके अलावा शहर के बाजार क्षेत्र में सजी दुकानों से भी लोग जयघोष के साथ श्रीगणेश की मूर्तियों को घर ले जाने व्यस्त नजर आए। जिसके चलते सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल नजर आई। साथ ही पूजा सामग्रियों की मांग भी लोगों के बीच बनी रही। 


अन्य पोस्ट