राजनांदगांव
मायके जाने विवाहित महिलाओं में उत्साह, रखेंगी व्रत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अगस्त। हरितालिका पर्व के लिए विवाहित महिलाओं का उत्साह के साथ मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार से बुधवार तक महिलाएं तीज पर्व पर्व पर कठिन व्रत रखेंगी।
सोमवार शाम को कड़वा भोजन (करेले के साथ) करने के बाद मंगलवार पूरे दिन और रात को व्रत रखेंगी। बुधवार सुबह व्रत तोडक़र स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगी। मायके जाने निकली महिलाओं की वजह से लोकल ट्रेनें और यात्री बसों में भीड़ बढ़ गई है। तीज पर्व के चलते बाजार में भी हलचल तेज हो गई है। मायके जाने निकली विवाहित महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह नजर आ रहा है। तिजहारिनों से यात्री बसों और ट्रेनें ठसाठस भरी हुई है। खासतौर पर नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर उत्साह दोगुना दिख रहा है। ससुराल से मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
स्थानीय बस स्टैंड और रेल्वे स्टेशन में में तिजहारिन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस और ट्रेन का इंतजार करती नजर आई। कई महिलाएं दूधमुंहे बच्चे को लेकर मायके के लिए निकली। पोला पर्व के साथ ही मायके जाने के लिए नवविवाहिताएं रवाना हुई। मायके में पहुंची महिलाएं परिवार के संग अगले एक-दो दिन त्यौहार की खुशी के साथ समय व्यतीत करेंगी। ससुराली महिलाओं को मायके आने का न्यौता देने के लिए माता-पिता से लेकर भाई-बंधु पहुंचने का क्रम जारी है। कई महिलाओं को कई भाई अपने साथ दो पहिया वाहन में मायके ले गए। वहीं परंपरागत रूप से बसों में सफर करने वाली महिलाओं को परिजनों ने किराया भी सौंपा।
इधर तीज पर्व को लेकर महिलाएं पूरी तैयारी में व्यस्त हैं। घरों में शिव-पार्वती की गाथाओं के साथ धार्मिक गीत-संगीत का कार्यक्रम भी होगा। सामुहिक रूप से घरों में पूजा-अर्चना होगी। तीज पर्व पर ठेठरी-खुरमी समेत स्वादिष्ट व्यंजन भी तैयार किया जा रहा है। महिलाओं के लिए यह पर्व काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पति की दीर्घायु व स्वस्थ रहने की मंगल कामना लेकर महिलाएं उपवास रखेंगी। कई महिलाएं निर्जला व्रत भी रखती हैं। व्रत रखने वालों में युवतियों से लेकर उम्रदराज महिलाएं शामिल होती है।
करेले की बढ़ी मांग
मान्यताएं हैं कि तीज पर्व पर उपवास रखने वाली महिलाएं व्रत से पूर्व करेलायुक्त भोजन (कडुभात) का सेवन कर व्रत का शुभारंभ करती है। इस लिहाज से करेले की मांग अधिक होने से करेला के दाम आसमान छूने लगे हैं। व्रती कड़ुभात का सेवन करने के पश्चात कठिन निर्जला व्रत धारण करेंगी। इस दौरान भजन-कीर्तन और श्रद्धाभक्ति का माहौल बना रहेगा। पर्व को लेकर मायके पक्ष में महिलाएं व्यापक तैयारियां शुरू दी है।
पूजन सामग्रियों की सजी दुकानें
तीर्ज पर्व पर पूजन सामग्रियों की मांग बढऩे के साथ ही बाजार इलाके में दुकानें सजकर तैयार हो चुकी है। वहीं इसकी खरीदी भी शुरू हो गई। तीजा पर्व के लिए बाजार में इन दिनों सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल है। लोग पर्व संबंधी सामग्रियों की खरीदी कर रहे हैं। पर्व के लिए पूजा सामग्रियों में फूलेरा की डिमांड अधिक रहती है। जिससे बाजार में इसके दाम उछाल पर रहते हैं।


