राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का 20 अगस्त को 81वां जन्मदिवस अवसर पर उनके जीवन पर संगोष्ठी सभा कर विविध आयोजन पौधरोपण व रक्तदान कर मनाया गया। संगोष्ठी सभा का संचालन करते शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में संगोष्ठी सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेसियों ने स्व. गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी सभा की शुरूआत की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री धनेश पाटिला ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने देश के लिए जो कार्य किया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिन्टू ने स्व. गांधी को नमन करते कहा कि आज जो नए भारत विकसित भारत दिख रहा है, उनके दूरगार्मी सोच का नतीजा है, किन्तु विपक्षी पार्टी उनके किए गए कार्यों को अपने नाम बताकर देश की जनता को भ्रमित किया जा रहा है। छग खादी एवं ग्रामोद्योग के सदस्य श्रीकिशन खंडेलवाल ने कहा कि दूरगामी सोच के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ाने और विकसित राष्ट्र के लिए प्रतिबद्ध थे। राजीव गांधी त्रिस्तरीय पंचायती राज के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूती के लिए कई अहम फैसले लिए।
शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी के समावेशी विकास की दूरदर्शितापूर्ण सोच के साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था, संचार क्रांति एवं युवाओं को मतदान का अधिकार जैसे निर्णयों से उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नींव रखी। संगोष्ठी सभा को रमेश डाकलिया, इकरामुद्दीन सोलंकी, कुतबुद्दीन सोलंकी, संतोष पिल्ले, हेमा देशमुख, विवेक वासनिक, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, माया शर्मा, जयनारायण सिंह, मामराज अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, शकील रिजवी, प्रज्ञा गुप्ता, नरेश साहू, मुस्तफा जोया, आफताब अहमद सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


