राजनांदगांव

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा
13-Aug-2025 4:15 PM
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 13 अगस्त।
देश की आजादी के जश्र की जोरों से तैयारी चल रही है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे और एसपी मोहित गर्ग ने बुधवार को स्वतंत्रता दिवस की तैयारी का जायजा लिया। परेड के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर दोनों अफसर ने परेड का अभ्यास कर रहे जवानों से मिलकर तैयारी के संंबंध में चर्चा की। वही परेड का दोनों अधिकारियों ने बतौर रिहर्सल सलामी भी ली। 

प्रशासन ने इस साल पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आजादी के पर्व को मनाने की तैयारी की है। म्यूनिसिल मैदान बारिश से उपजे कीचड़ से सरोबार है। इसलिए प्रशासन ने पीटीएस के मैदान में स्वाधीनता दिवस मनाने का निर्णय लिया। बताया जाता है कि पीटीएस के मैदान में करीब 5 सौ से ज्यादा स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देगें। प्रशासन द्वारा अलग-अलग क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। इधर शहर में जश्न-ए-आजादी के पर्व को लेकर देशभक्ति का माहौल बन गया है। स्कूली विद्यार्थियों ने शहर में प्री- इंडिपेंडेंस मनाते हुए शहर में रैली निकाल रहे है। कुछ स्कूलों में एक दिन पहले भी जश्र मनाने की तैयारी की है। 

विस अध्यक्ष रमन करेंगे ध्वजारोहण 
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पीटीएस में ध्वजारोहण करेंगे। राज्य सरकार ने आजादी के पर्व के लिए डॉ. सिंह को मुख्य अतिथि बनाया है। डॉ. सिंह परेड की सलामी लेंगे। स्वतंत्रता दिवस को पांरपरिक और धूमधाम के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इस बीच शहर और जिलें के सभी सरकारी संस्थानों को कृत्रिम रौशनी से आकर्षक रूप दिया जाएगा। कलेक्टोरेट के अलावा एसपी कार्यालय, आईजी कार्यालय और जिला पंचायत भवन में आजादी के पर्व की खुशी में रौशनी होगी। सरकारी भवनों में साफ-सफाई के साथ रंगरोगन भी किया जा रहा है। आजादी के पर्व के लिए सभी विभागों को बजट भी जारी किया गया है। उधर खैरागढ़ में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर में पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मूणत ध्वजारोहण करेंगे। 


अन्य पोस्ट