राजनांदगांव

चुनाव आयोग पर राहुल के वोटों की चोरी के आरोप का प्रोजेक्टर में कांग्रेस ने किया प्रसारण
11-Aug-2025 4:17 PM
चुनाव आयोग पर राहुल के वोटों की चोरी के आरोप का प्रोजेक्टर में कांग्रेस ने किया प्रसारण

पीसीसी के निर्देश पर कांग्रेसियों ने देखी सार्वजनिक रूप से गांधी का प्रेस कान्फ्रेंस

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 11 अगस्त। कांग्रेस नेता व लोकसभा के विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय चुनाव आयोग पर ‘वोटों की चोरी’ का सनसनीखेज आरोप को लेकर  प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को स्थानीय जयस्तंभ चौक में प्रोजेक्टर के जरिये गांधी के प्रेस कान्फ्रेंस का अंश प्रदर्शित किया गया।

गांधी ने खुलेआम चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र समेत बिहार में वोटर लिस्ट में की गई गड़बडिय़ों को लेकर संगीन आरोप लगाए हैं। गांधी ने बीते दिनों नई दिल्ली में प्रेस कान्फ्रेंस में  अपने तर्कों के जरिये आयोग पर भाजपा के साथ सांठगांठ कर वोटों में हेराफेरी करने का संगीन आरोप लगाया। इस मामले को लेकर अब कांग्रेस ने जनता के बीच आयोग की कथित गड़बडिय़ों को लेकर अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में आज प्रोजेक्टर में गांधी के प्रेस कान्फ्रेंस के अंश को प्रदर्शित किया गया है।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि आयोग की कारगुजारियों का गांधी ने भंडाफोड़ किया है। देशभर में जनता के बीच कांग्रेस आयोग के गड़बड़ी को सार्वजनिक कर रही है। इसी के तहत आज प्रोजेक्टर के माध्यम से शहर की जनता को गांधी द्वारा प्रस्तुत किए गए तथ्यों को दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का आयोग पर अब विश्वास नहीं रह गया है। भाजपा के साथ कथित मिलीभगत से लोकतंत्र खतरे में है। इस बीच जयस्तंभ चौक में आज कांग्रेसियों ने प्रोजेक्टर में गांधी के प्रेस कान्फ्रेंस को देखा। साथ ही जनता से आयोग के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष  कुलबीर सिंह छाबड़ा, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष भागवत साहू, किशन खंडेलवाल, आफताब आलम, हेमा देशमुख, मेहुल मारू, सुदेश देशमुख, सूर्यकांत जैन, आसिफ अली, अमित चंद्रवंशी, झमन देवांगन, जितेन्द्र मुदलियार, संतोष पिल्ले, धनेश पाटिला, कमलजीत पिंटू, शारदा तिवारी, माया शर्मा, शकील रिजवी, आफताब अहमद  शामिल थे।


अन्य पोस्ट