राजनांदगांव

राजनांदगांव, 24 जुलाई। खिलाडिय़ों की सुरक्षा और संपूर्ण स्वास्थ्य को ध्यान में रखते छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
एम्स रायपुर के दंत चिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित विशेष शिविर में खिलाडिय़ों का नि:शुल्क दंत परीक्षण किया। शिविर में राजनंादगांव के साथ-साथ आसपास के जिलों के भी खिलाड़ी शामिल हुए। शिविर में खिलाडिय़ों को दंत सुरक्षा, माउथ गार्ड के उपयोग, नियमित जांच और दैनिक स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य न केवल खिलाडिय़ों की वर्तमान दंत स्थिति की जांच करना था, बल्कि उन्हें भविष्य में होने वाली संभावित समस्याओं से बचाव के प्रति भी जागरूक करना है। खिलाडिय़ों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एम्स रायपुर के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. रमजिया रहीम ने कहा की छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी की खेल और खिलाडिय़ों के प्रति सजगता एवं संवेदनशीलता का एक ऐतिहासिक उदाहरण देखने को मिला। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों के स्वास्थ्य के प्रति यह जागरूकता अत्यंत सराहनीय है और यह हॉकी संघ की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। डॉ. मुगलिंन्द्र रवि एवं डॉ. पलकजीत कौर ने खिलाडिय़ों को खेल के दौरान दांतों में लगने वाली चोटों की प्राथमिक चिकित्सा और उसके त्वरित उपयोग के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक भूषण साव, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने भी अपने-अपने विचार रखे।
इस अवसर पर शकील अहमद, दीपेश चौबे, दिलीप रावत, किशोर धीवर, मुकेश जायसवाल समेत हॉकी संघ के अन्य पदाधिकारीगण, प्रशिक्षक और अनेक युवा खिलाड़ी उपस्थित थे।