राजनांदगांव

पीएम की अगुवाई में देश समृद्धि, और खुशहाली की ओर-केदार
15-Jun-2025 3:45 PM
पीएम की अगुवाई में देश समृद्धि, और खुशहाली की ओर-केदार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जून।
वन मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते कहा कि पीएम मोदी के 11 वर्ष का कार्यकाल अनेक मायनों में ऐतिहासिक रहा है। उनके दूरदर्शिता पूर्ण नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली के नए दौर में कदम रखा है।  मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का हर दिन अंत्योदय की साधना को समर्पित रहा है। सबका साथ- सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के सभी वर्ग विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनके कार्यकाल में देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। छत्तीसगढ़ ने डबल इंजन की सरकार में चौतरफा विकास के नए आयाम गढ़े हैं। चाहे विकास की बात हो या माओवादी आतंक से निपटने की, केन्द्र सरकार का राज्य सरकार को भरपूर समर्थन और सहयोग मिला है।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ड़बल इंजन की सरकार बनते ही किसानों से की गई मोदी की गारंटी भी साकार हुई।  बकाया बोनस देने के साथ 3100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की गई है। पिछले साल छत्तीसगढ़ में रिकार्ड 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। इन 11 सालों में देश में जो बड़ा बदलाव आया है, उससे छत्तीसगढ़ सहित देश के प्रत्येक नागरिक का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि  5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को भी हर साल 10-10 हजार रुपए की राशि हमारी राज्य सरकार दे रही है। किसानों के खाते में अब तक एक लाख करोड़ रुपए की राशि प्रेषित कर चुके हैं। डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनावों में मोदी ने महतारी वंदन योजना के रूप में हर महीने एक-एक हजार रुपए माताओं-बहनों को देने की गारंटी दी थी। हमने यह वादा तीसरे महीने ही पूरा कर दिया और करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने यह राशि दे रहे हैं।
 

उन्होंने कहा कि  आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती माओवादी आतंक के खात्मे का मोदी और अमित शाह का संकल्प भी सिद्ध हो रहा है। छत्तीसगढ़ में बीते डेढ़ साल में 425 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया है। 1388 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और 1443 को गिरफ्तार किया गया है। नक्सल विरोधी अभियान में हमारे जवानों ने बसवराजू और सुधाकर जैसे बड़े नक्सलियों को न्यूट्रलाइज कर माओवाद की रीढ़ तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत मां के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसामुण्डा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजातीय अस्मिता को गौरवान्वित किया है।
प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव, प्रदीप गांधी, सौरभ कोठारी, रविंद्र वैष्णव, शशिकांत द्विवेदी समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट