राजनांदगांव

गृहमंत्री के प्रभार जिले में माफिया चला रहे गोली- पिंटू
13-Jun-2025 8:10 PM
गृहमंत्री के प्रभार जिले में माफिया चला रहे गोली- पिंटू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जून।
 प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने कहा है कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है। प्रदेश सरकार के संरक्षण में माफिया फल-फूल रहा है। बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जोरों पर हो रहा है। रेत माफिया अब लोगों पर गोलियां चलाने लगे हैं। दो दिन पहले ही राजिम में भी रेत तस्करों द्वारा पत्रकारों पर हमला किया गया। वहीं बुधवार की रात मोहड़ वार्ड में रेत माफियाओं ने वार्ड के लोगों पर एक के बाद एक लगभग चार-पांच गोलियां चला दी। जिसमें वार्ड विकास समिति के अध्यक्ष सहित तीन लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था है। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के प्रभार जिले राजनांदगांव में रेत माफिया को खुला संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का निर्वाचन क्षेत्र होने के बाद भी यहां पर माफिया राज चल रहा है। अवैध तस्करी के खिलाफ  आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर माफिया खुलेआम गोली बरसा रहे हैं।
श्री पिंटू ने कहा कि सत्ता सरकार के राजनीतिक संरक्षण के बिना दूसरे राज्य से आए गुंडों द्वारा अवैध रेत खदान से रेत निकालना, गोली चलाना कैसे संभव हो सकता है। उन्होंने  रेत माफियाओं द्वारा वार्ड के लोगों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार को असफल बताते कहा है कि सरकार सुशासन के नाम का ढिंढोरा पीट रही है और यहां प्रदेश की जनता पर माफिया गोली चला रहे हैं।


अन्य पोस्ट