राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून। दार्जिलिंग में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता तरंगण 2025 में अजीज पब्लिक स्कूल इंदामरा के छात्रों ने अपने हुनर और जोश से सबका दिल जीत लिया। सीनियर वर्ग की वेस्टर्न डांस प्रतियोगिता में स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ को गौरव महसूस कराया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन कथक रॉकर्स के मशहूर नृत्य निर्देशक चेतन बोरकर द्वारा किया गया था। जिसमें देशभर से 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भरपूर था।
अजीज पब्लिक स्कूल इंदामरा की टीम की प्रस्तुति में नृत्य की आधुनिकता, तालमेल और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। उनके प्रदर्शन को जजों और दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन देकर सराहा।
टीम का मार्गदर्शन डांस टीचर हरीश साहू द्वारा किया गया और उनके साथ सहायक शिक्षिका मिस मेघा तुमरेकी भी छात्र-छात्राओं को सहयोग एवं अनुशासन में सहायक के रूप में उपस्थित रही।
टीम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राएं तस्कीम खान, अंकिता सोनी, अरिशा खान, आलिया अंजुम, शेख अल्फिया, आयरा नाज और रंजना गहलोत इन सभी ने अपनी मेहनत और सामूहिक प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्राचार्य सचिन पाल सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे बच्चों ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लगन से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। यह पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण है।
डायरेक्टर तनाज अजीज ने कहा कि हम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। शिक्षा के साथ-साथ कला, खेल और संस्कृति में भागीदारी बच्चों को आत्मविश्वासी और मजबूत बनाती है। अजीज ़ पब्लिक स्कूल इंदामारा की इस उपलब्धि से न केवल स्कूल, बल्कि जिलेभर में उत्सव का माहौल है। टीम को जल्द ही विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।


