राजनांदगांव

खैरागढ़ के अवेली की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। खैरागढ़ जिले में शुक्रवार को उस वक्त बवाल खड़ा हो गया, जब एक गांव में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा में जूतों की माला पहनाने का मामला सामने आया। इस घटना से भाजपा नेताओं में रोष है। वहीं अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस से की गई है।
मामला खैरागढ़ जिले के अवेली गांव का है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री स्व. बाजपेयी की प्रतिमा स्थापित है। गांव में तनाव की भी स्थिति है।
मिली जानकारी के मुताबिक अवेली गांव में अटल बिहारी बाजपेयी की एक प्रतिमा स्थापित है। आज सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा में जूतों की माला देखी। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले के प्रमुख नेताओं को घटना से अवगत कराया। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए इस हरकत ने भाजपा नेताओं को उद्वेलित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना की खबर के बाद कई भाजपा नेता गांव पहुंचे।
पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने गांव पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। वहीं पुलिस भी एहतियात बरतते हुए मौके पर पहुंच गई। पूर्व विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अपमान करने और भाजपा नेताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया और साथ ही पुलिस से तुंरत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है।