राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून। किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने, खेती को लाभप्रद बनाने तथा आगामी खरीफ सीजन की तैयारी हेतु जिले में 29 मई से 12 जून तक विकसित कृषि संकल्प अभियान का संचालन किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीक एवं योजनाओं की जानकारी देकर खेती को नई दिशा प्रदान करना है। अभियान के तहत कृषि एवं संबद्ध विभागों के समन्वय से गठित तीन दल जिले के तीनों विकासखंडों में भ्रमण कर रहे हैं। ये दल ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचकर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि योजनाओं, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, बीज उपचार, ड्रोन के माध्यम से छिडक़ाव, मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रयोग, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा नकदी फसलों की उन्नत तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं।
इस अभियान को व्यापक रूप देने गांव-गांव में मुनादी के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिससे अधिक से अधिक कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। किसानों को जागरूक करने हेतु कृषि रथ एवं फसल बीमा रथ का संचालन किया जा रहा है, जो प्रतिदिन जिले की 6 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं।
12 जून तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत जिले की कुल 90 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा। शिविरों में कृषि महाविद्यालय राजनांदगांव के वैज्ञानिक, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एफपीओ कार्यकर्ता एवं प्रगतिशील कृषक भाग ले रहे हैं। अभियान की निगरानी के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी राज्य शासन को भेजी जा रही है। उपसंचालक कृषि ने जिले के सभी कृषकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान से जुड़ें और उन्नत खेती की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाएं।