राजनांदगांव

महिला रेलकर्मी से दिनदहाड़े ढाई लाख की उठाईगिरी
20-May-2025 8:54 PM
महिला रेलकर्मी से दिनदहाड़े ढाई लाख की उठाईगिरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 मई। डोंगरगढ़ शहर के एक बैंक में सोमवार को रेल्वे की एक महिला कर्मचारी उठाईगिरी की शिकार हो गई। महिला अपने पिता के साथ बैंक गई थी। रुपए निकालकर उसने अपने मोपेड़ के डिक्की में रखा था और मौका देखकर उठाईगिर ने खेल कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक रेल्वे में पदस्थ एक महिला कर्मचारी कल सोमवार सुबह डोंगरगढ़ शहर के भारतीय स्टेट बैंक के एक ब्रॉच में रकम निकालने के लिए पहुंची। उसने बैंक से 2 लाख 50 हजार रुपए आहरित किया और अपने मोपेड के डिक्की में रकम को रख दिया। इसके बाद वह खैरागढ़ रोड़ स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में पहुंची। वहां से उसने कुछ सामान की खरीदी की। वापस आने पर जब उसने डिक्की को चेक किया तो ढाई लाख रुपए पार हो गए थे।

बड़ी रकम के गायब होने से महिला हड़बड़ा गई और उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ पुलिस तत्काल हरकत में आई, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो गया। थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की पतासाजी के लिए टीम लगी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला कर्मी एक मकान का निर्माण करा रही है। इसी के चलते उसने बैंक से ढ़ाई लाख रुपए निकाले। ऐसा माना जा रहा है कि उठाईगिर महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और मौका देखकर राशि पार कर दिया।


अन्य पोस्ट