राजनांदगांव

नांदगांव रेंज के हर तबके को न्याय में कोताही बर्दाश्त नहीं - आईजी
05-May-2025 6:24 PM
नांदगांव रेंज के हर तबके को न्याय में कोताही बर्दाश्त नहीं - आईजी

पुलिस के लिए जनता ही सर्वोपरि, अवैध कारोबार पर थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई।
राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ आईजी अभिषेक शांडिल्य की पहली प्राथमिकता हर तबके को न्याय दिलाने पर है। उनका फोकस है कि पुलिस के जरिये यथासंभव जनता को मौके पर ही न्याय मिल जाए। पुलिस के लिए जनता ही सर्वोपरि है। इसके अलावा उन्होंने अवैध कारोबार पर सीधे थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

दरअसल उनका इशारा डोंगरगढ़ के बहुचर्चित शराब तस्करी की ओर है। नए आईजी किसी भी सूरत में रेंज में अवैध कारोबार को लेकर ढ़ील देने के पक्ष में नहीं है। ‘छत्तीसगढ़’  से एक संक्षिप्त चर्चा में आईजी ने कहा कि राजनांदगांव की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के आधार पर वह जानकारी ले रहे हैं।

 

उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर कोताही बरतने वाले अफसरों को हिदायत दी है। उनका मानना है कि पुलिस का काम अवैध कारोबार के रोक से लेकर अमन और शांति बनाने का है। वहीं कानूनी संगत समस्याओं के निराकरण का काम भी पुलिस का है। 2007 बैच के आईपीएस अभिषेक शांडिल्य की छत्तीसगढ़ पुलिस में अच्छे अफसरों में गिनती होती है। उन्होंने करीब 7 साल सीबीआई में प्रतिनियुक्ति के तहत कार्य कर अपनी काबिलियत को साबित किया है। सुकमा और बलौदाबाजार एसपी के तौर पर भी उनके पक्ष में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां है। रेंज आईजी के तौर पर शांडिल्य की पहली पोस्टिंग है।

राजनंादगांव रेंज के चारों जिलों में उनकी पैनी नजर है। शांडिल्य का कहना है कि रेंज के बार्डरों में पुख्ता इंतजाम के तहत हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आईजी ने कहा कि आम जनता उनसे सीधे मिलकर अपनी बात रख सकती है। उन्होंने अपने मातहत पुलिस अफसरों को जनता से सीधा संवाद करने और समस्याओं को फौरन निराकृत करने की भी सलाह दी है।


अन्य पोस्ट