राजनांदगांव

जिला स्तरीय अधिकारी करें प्रति सप्ताह निरीक्षण- कलेक्टर
17-Oct-2022 2:59 PM
जिला स्तरीय अधिकारी करें प्रति सप्ताह निरीक्षण- कलेक्टर

3 साल से जमे पटवारियों का करें तबादला

राजनांदगांव, 17 अक्टूबर। कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देश पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद पंचायत छुरिया में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। कलेक्टर सिंह ने प्रत्येक सप्ताह ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर वहां शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत को जानने, प्रशासनिक कसावट एवं कार्य कुशलता बढ़ाने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।  इसी कड़ी में जनपद पंचायत छुरिया में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सुराजी गांव योजना, गोधन न्याय योजना, किसानों को वर्मी कम्पोस्ट की उपलब्धता, रूरल इंडस्ट्रियल पार्क, आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति, स्कूल में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक, धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आवश्यक है कि सभी अधिकारी सक्रिय रूप से निरीक्षण करते इन कार्यों को गति प्रदान करें। सभी अधिकारी अपने आबंटित ग्राम पंचायतों में ड्यूटी करते इन ग्रामों की वस्तु स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जिससे कार्यों को गति मिलेगी।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कार्यों मेें गति लाए और टैंक निर्माण, घरों में पानी की सप्लाई, पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देते कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान दो पटवारियों की शिकायत होने पर तहसीलदार को 3 साल से एक स्थान पर जमें पटवारियों का स्थानांतरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि आय, जाति, निवास, नामांतरण, सीमांकन एवं बटवारा के लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनी से निवेशकों को राशि वापसी के कार्य को विशेष ध्यान देते करने की आवश्यकता है।

कलेक्टर  ने कहा कि स्कूल के निरीक्षण के साथ ही मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, कृष्ण कुंज, सामाजिक सहायता कार्यक्रम, फसल बीमा शिकायत, कांजी हाऊस, गौठान, वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं की भी मानिटरिंग करेंगे। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत में उपस्थित होकर स्कूल अंतर्गत स्कूल खुलने का समय, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की तैयारी, शौचालय एवं पानी की व्यवस्था आदि का मूल्यांकन किया।

सभी अधिकारी आंगनबाड़ी केन्द्र, मनरेगा में जॉब कार्ड की स्थिति, गौठान निरीक्षण, सामुदायिक बाड़ी एवं चारागाह निरीक्षण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आश्रम एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। पशुचिकित्सा विभाग को लम्पी वायरस, कांजी हाऊस में डॉक्टर तथा व्यवस्था का जायजा लिया। च्वाईस सेंटर, पंचायत विभाग, सडक़ एवं बिजली, स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में मानिटरिंग की।
 


अन्य पोस्ट