रायपुर

डीडी नगर में गैंगवार: स्कार्पियों सवार लडक़ों ने स्कूटी चालक को रोककर, फरसा-चाकू चलाया, दो घायल
27-May-2026 6:34 PM
डीडी नगर में गैंगवार: स्कार्पियों सवार लडक़ों ने स्कूटी चालक को रोककर, फरसा-चाकू चलाया, दो घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। कुशालपुर रिंग रोड नंबर 1 पर मंगलवार सुबह गैंगवार की घटना सामने आई है। जब स्कॉर्पियो सवार और बाइक सवार युवकों के बीच झड़प हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर चाकू, फरसे और लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। मामला डीडी नगर थाना इलाके का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक कुशालपुर से रायपुरा जाने वाले रिंग रोड पर अचानक एक स्कॉर्पियो सवार ने बाइक सवार युवकों को रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देचाते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथ मुक्का, चाकू,फरसा डंडे से हमला हुआ। इस हमले में दो लोगों की घायल होने की सूचना है। सडक़ पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक हाथ में चाकू और फरसा लेकर लहरा रहे थे। इसके बाद दूसरे पक्ष पर हमला करने लगे। जबकि अन्य लाठी-डंडों से वार कर रहे थे।

घटना के दौरान सडक़ पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। वहीं कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आसपास के लोग एकत्र नहीं होते, तो घटना और गंभीर हो सकती थी। भीड़ जुटते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

डीडी नगर टीआई ने बताया कि कल गैंगवार की सूचना मिली थीं। युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारयल वीडियों से लडक़ों की पहचान कर दो को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट