रायपुर

दहेज में 20 लाख, कार भी मांगा 6 के खिलाफ एफआईआर
27-May-2026 6:14 PM
दहेज में 20 लाख, कार भी मांगा 6 के खिलाफ एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज में 20 लाख रूपए और कार की मांग का आरोप लगाई है। साथ ही कम दहेज लाने पर उसके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीडऩ करने की शिकायत भी की। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पीडि़ता फरहीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 19 मई 2024 को मनेन्द्रगढ़ निवासी साकिब कुरैशी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के बाद वह अपने ससुराल मनेन्द्रगढ़ में रहने लगी। कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष उसे दहेज में कार और 20 लाख रुपए की मांग को लेकर उसे प्रताडि़त किया जाने लगा।

पति साकिब कुरैशी, ससुर राशिद कुरैशी, सास अफरोज कुरैशी, ननद नसरीन कुरैशी, चाची सास रेश्मा कुरैशी और चाचा ससुर सईद कुरैशी दहेज की बात पर ताने दिया करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तलाक देने की धमकी दी जाती थी।

पीडि़ता ने बताया कि ससुराल पक्ष ने विवाह में मिले सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य सामान अपने पास रख लिया। 22 अगस्त 2024 को उसे घर से निकाल दिया गया। जिसके बाद वह रायपुर स्थित अपने मायके में रहने लगी।

पीडि़ता के अनुसार मामले में पहले भी महिला थाना रायपुर में शिकायत दी गई थी। जहां काउंसलिंग में काई समझौता नहीं हो सका। इसके बाद उसने कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 85 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट