रायपुर
66वां स्थापना दिवस पर नए छात्र संघ का शपथ भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मई। शुक्रवार को कृषि महाविद्यालय, रायपुर का 66वां स्थापना दिवस मनाया गया । इस अवसर पर वार्षिक समारोह, छात्र संघ शपथ ग्रहण, पूर्व अधिष्ठाताओं तथा पूर्व छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । इसके तहत महाविद्यालय के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के खास मुकाम हासिल करने वाले भूतपूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय के सात पूर्व अधिष्ठाताओं और इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति, कुलसचिव तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का भी सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के पश्चात सांस्कृतिक समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। मुख्य अतिथि कृषि विवि के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल रहे। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि सम्मानित पूर्व अधिष्ठाताओं में डॉ. एस.एस. बघेल, डॉ. एम.एन. श्रीवास्तव, डॉ. ओ.पी. कश्यप, डॉ. एस.आर. पटेल, डॉ. एम.पी. ठाकुर, डॉ. के.एल.नंदेहा एवं डॉ. जी.के. दास शामिल हैं। समारोह मे कृषि महाविद्यालय रायपुर के प्रथम बैच में शिक्षा प्राप्त करने वाले तीन भूतपूर्व विद्यार्थियों तथा महाविद्यालय से ही सेवानिवृत्त प्राध्यापकों डॉ. एम.आर.एच. सिद्धीकी, डॉ. आर.के. साहू एवं डॉ. वी.एन. साहू को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाले महाविद्यालय के पूर्व छात्रों अनिल कुशवाहा (सेवानिवृत्त आईजी), श्री सुरेश चंद्रवंशी (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद), के.आर. बढ़ई (मुख्य वन संरक्षक), धर्मेंद्र साहू (वित्त नियंत्रक, लोक निर्माण विभाग), विकास मिश्रा (उप सचिव कृषि), अश्वनी बंजारा (प्रबंध संचालक, बीज प्रमाणीकरण संस्था), सीताराम तिवारी (उप सचिव वित्त), आर.एल. धुरंधर, गयाराम एवं श्रीमती गोपिका गबेल, (संयुक्त संचालक कृषि), मनमोहन सिंह (सफल उद्यमी) एवं हर्ष चंद्राकर (प्रगतिशील कृषक) शामिल हैं। डॉ. गुहे ने बताया कि पूर्व छात्र रहे कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, संचालक अनुसंधान डॉ. वी.के. त्रिपाठी, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टूटेजा भी को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि कृषि महाविद्यालय रायपुर की स्थापना 22 मई 1961 को हुई थी। शुरूआत में यह महाविद्यालय कवर्धा बाड़ा बैरन बाजार में लगता था। वर्तमान भवन में यह महाविद्यालय वर्ष 1964 से संचालित किया जा रहा है। प्रारंभिक दौर में यह महाविद्यालय डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के अंतर्गत संचालित था जो वर्ष 1964 में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर और उसके पश्चात 20 जनवरी 1987 से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत संचालित हो रहा है।


