रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अप्रैल। भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले में दबिश देने पहुंची टीम के साथ कारोबारी गोपाल गांधी के परिजनों ने ईडी अफसरों के साथ बदसलूकी की है। पुलिस ने इस मामले गांधी के पिता, और भाई के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
बताया गया कि अभनपुर बस स्टैंड के पास कारोबारी गोपाल गांधी का घर है। ईडी ने भारतमाला परियोजना घोटाला प्रकरण में सोमवार को गोपाल गांधी के यहां भी छापेमारी की थी।छापेमारी के दौरान उनके पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी ने ईडी अधिकारियों की कार्रवाई का विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह और अन्य के साथ अभ्रद व्यवहार किया। इस पूरे मामले की शिकायत अभनपुर थाने में की गई है।
अभनपुर टीआई ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि ईडी अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में जयप्रकाश गांधी, और सत्यनारायण गांधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जमानती धारा है। उन्हें नोटिस देकर बुधवार को बुलाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि ईडी ने भारतमाला परियोजना घोटाले की जांच के सिलसिले में गोपाल गांधी, और भूपेन्द्र चंद्राकर व रोशन चंद्राकर के यहां दबिश दी थी।


