रायपुर

बैंक अधिकारी कर्मचारी 2 को काली पट्टी, 16 को काले कपड़े पहनकर काम करेंगे
19-Apr-2026 8:32 PM
बैंक अधिकारी कर्मचारी 2 को काली पट्टी, 16 को काले कपड़े पहनकर काम करेंगे

5 डे वर्किंग को लेकर किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 अप्रैल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान के अनुरूप शनिवार  को पंडरी, रायपुर में एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। इसमें विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों  के 300 से अधिक बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए। यह प्रदर्शन  5-दिवसीय बैंकिंग  के तत्काल क्रियान्वयन,  परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना के समाधान हेतु निष्पक्ष एवं सार्थक द्विपक्षीय वार्ता की मांग को लेकर था।

फोरम ने पीएलआई योजना के क्रियान्वयन में अपनाए गए एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण दृष्टिकोण की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने में हो रही देरी पर गहरा रोष व्यक्त किया।

प्रतिभागियों ने यह भी पुन: स्पष्ट किया कि उनकी न्यायोचित एवं वैध मांगों के समाधान तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फोरम  के आह्वान के अनुसार, आगामी सप्ताहों में निम्नलिखित आंदोलनात्मक कार्यक्रम जारी रहेंगे।

 सभी केंद्रों पर विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित करना। 2 मई (पहला शनिवार) को सदस्य काले बैज लगाकर काम करेंगे । 16 मई  (तीसरा शनिवार) को नेताओं एवं कार्यकर्ताओं  काले वस्त्र पहनेंगे। कार्य समय का सख्ती से पालन करना एवं नियमों/प्रक्रियाओं के अनुसार ही कार्य करना, अतिरिक्त सहयोग से परहेज करना। आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों से निरंतर बाहर रहना। बैंकों के आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग न लेना। अधिकारियों द्वारा कार्य समय के बाद आधिकारिक कॉल में भाग लेने से परहेज करना।   शाखाओं में सदस्यों द्वारा आईबीए, सीएलसी को ज्ञापन प्रस्तुत करना। सभा को  वाई. गोपाल कृष्णा,  सुरेश बानी, विजय बक्शी,  बलजीत सिंह,  बी.के. उपाध्याय,  मिलिंद माटे,  प्रियंक चोपड़ा,  रवि देबे,  द्रोहित शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया ।


अन्य पोस्ट