रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11अप्रैल। राजधानी इलाके में लूट,चोरी ओर छिनतई के मामले बाद गए हैं। इस बीच शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में चोरों की सक्रियता लोगों की चिंता का विषय है। डीडीनगर इलाके में एक बार फिर बाजार से महिला का मंगल सूत्र गायब होने की खबरें है। इलाके में इससे पहले भी बाजार से बुजुर्ग महिला की सोने की चैन पार होने का मामला सामने आया था।
रायपुरा बाजार से एक और मामला सामने आया है। जहां अज्ञात बदमाश ने एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शिवोम विहार कॉलोनी, महादेवघाट निवासी कुमारी निषाद 26 मार्च की शाम 6:30 बजे सब्जी लेने रायपुरा बाजार गई थीं। इसी दौरान भीड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से धक्का दिया। महिला सामान लेकर घर लौट आई, लेकिन कुछ देर बाद जब उन्होंने देखा तो उनके गले से 15 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र गायब था। जिसकी कीमत 1.25 लाख रुपए बताई जा रही है।
पीडि़ता ने बताया कि बाजार में किसी अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाकर झपट्टामारी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह रिश्तेदारी में चली गई थीं, जिसके चलते 10 अप्रैल को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर लिया है और बाजार कके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
उधर खमतराई और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में अज्ञात चोरों ने गोदाम और कारखाने को निशाना बनाया है। चोर ने दो अलग - अलग जगह सेंधमारी कर वहां से लाखों का सामान पार कर दिया।
खमतराई के उरकुरा निवासी ओम प्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रावांभाठा स्थित के.वी. इंटरप्राइजेस के गोदाम में काम करता है। 6 अप्रैल की शाम गोदाम बंद कर घर चला गया था। 10 अप्रैल की सुबह जब वह गोदाम पहुंचा तो शटर का एक हिस्सा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर जी.आई. मोबिल क्लैम्प के 118 बैग 2950 नाग और जी.आई. जॉइंट बॉक्स क्लैम्प के 2 बैग गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है। अज्ञात चोर शटर तोडक़र गोदाम में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
वहीं राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में खम्हारडीह निवासी हर्षद ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका देवपुरी स्थित आनंद फ्रूट प्रोडक्ट्स नाम से मिठाई का कारखाना है। 10 अप्रैल की दोपहर 3.50 बजे एक अज्ञात व्यक्ति कारखाने में घुसा और स्टाफ रूम का ताला तोड़ दिया। इसके बाद कर्मचारी सुमित बघेल का ओप्पो मोबाइल, विशाल काजी का वीवो मोबाइल, और अलग-अलग कर्मचारियों के बैग व चश्मा डिब्बे में रखे 37 हजार रुपए नगद चोरी कर फरार हो गया। जिस समय चोरी हुई, कर्मचारी कर्मचारी अपना सामान कार्याल ने रख कारखाने में काम कर रहे थे। लोगों की चहल पहल होने के कारण किसी को इस बात की भनक नहीं लगी।
शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आसपास के लोगों। और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।


