रायपुर
व्यवस्थाओं के बारे ली विस्तृत जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। खैरागढ़ जिले के ब्लॉक अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समिति रगरा, अतरिया एवं गाड़ाडीह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने गुरुवार को धान विक्रय करने पहुंचे किसानों से सीधी बातचीत की। उन्होंने किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था की सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
धान बेचने पहुंचे किसानों ने विक्रांत सिंह को बताया कि उन्होंने ऑनलाइन टोकन कटवाकर धान विक्रय के लिए पहुंचे हैं और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि समिति में व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिससे उन्हें समय पर और आसानी से धान तौल कराने में सुविधा मिली है।
श्री सिंह ने धान खरीदी में लगे हुए कर्मचारियों से भी धान खरीदी की व्यवस्था, तौल मशीन की स्थिति, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाए। निरीक्षण के दौरान हरप्रसाद वर्मा, चेतन वर्मा, लालाराम वर्मा, देवकुमार सेन, मुकेश वर्मा, राजकुमार वर्मा, केशव चन्देल, गजेश वर्मा सहित अन्य भाजपाई उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से धान खरीदी केंद्रों की स्थिति का अवलोकन किया और किसानों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।


