रायगढ़

मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
16-Mar-2026 3:53 PM
मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

14 लाख के 16 आईफोन की बरामदगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 16 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर थाना सिटी  कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई 16 नग आईफोन चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी आकाश चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में चोरी गए सभी 16 आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है तथा एक अन्य आरोपी लकेश्वर को भी गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 09 मार्च की रात चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोडक़र अज्ञात चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 नग आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश तेज की गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही मोबाइल का उपयोग कर रहा है, जिस पर साइबर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम तत्काल रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर आ रहा था, जिसे चलती ट्रेन में ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया तथा यह भी बताया कि उसने जनवरी माह में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में बैठकर रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढक़र दूसरी मंजिल का लॉक तोडक़र दुकान में घुसा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन को एक काले रंग के बैग में भर लिया तथा काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 नग आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा उम्र 21 वर्ष निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी मामले में आरोपी को पृथक से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट