रायगढ़

अलग-अलग स्थानों से अवैध महुआ शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
16-Mar-2026 3:47 PM
अलग-अलग स्थानों से अवैध महुआ  शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 16 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कल  थाना भूपदेवपुर, पुसौर और तमनार पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध बिक्री के लिए रखी गई महुआ शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार थाना भूपदेवपुर पुलिस द्वारा ग्राम जबलपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर शराब रेड की कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जबलपुर निवासी शनिराम महंत नदी किनारे खेत में बने झोपड़ी में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग द्वारा टीम के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की गई। रेड के दौरान संदेही शनिराम महंत झोपड़ी के पास मिला, जिससे पूछताछ करने पर उसने शराब बिक्री करना स्वीकार किया और 15 लीटर, 10 लीटर तथा 5 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बों-जरीकेनों में रखी कुल 40 लीटर महुआ शराब बरामद कराई गई। आरोपी शनिराम महंत (43) निवासी ग्राम जबलपुर थाना भूपदेवपुर के विरुद्ध थाना भूपदेवपुर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया है। इसी कार्रवाई के दौरान भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जबलपुर निवासी ललिता डनसेना भी नदी किनारे झोपड़ी में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर रेड कार्रवाई कर आरोपी के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपीया ललिता डनसेना पति बाबूलाल डनसेना उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम जबलपुर के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग के साथ प्रधान आरक्षक सत्यम पटेल, संजय तिर्की, सुरेन्द्र ठाकुर तथा आरक्षक जगमोहन ओग्रे, बोधराम मांझी, सुरेश सिदार, महेन्द्रपाल मरावी, गोवर्धन सिदार एवं महिला आरक्षक कलिस्ता कुजूर शामिल रहे। वहीं थाना पुसौर पुलिस को ग्राम कठानी मेन रोड के पास उड़ीसा की बरगद छाप महुआ पाउच शराब की बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बनबस गुप्ता (61) निवासी ग्राम कठानी थाना पुसौर जिला रायगढ़ को पकडक़र उसके कब्जे से 180 एमएल क्षमता वाले 28 पाउच (कुल 5 लीटर 40 एमएल) महुआ शराब, कीमत लगभग 1,400 रुपये जब्त की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।  इसी तरह थाना तमनार पुलिस द्वारा 13 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम जरेकेला में कार्रवाई कर मोहित भारद्वाज (35) निवासी ग्राम कठरापाली थाना तमनार को अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास रखे प्लास्टिक थैले में 5 लीटर क्षमता की जरीकेन तथा दो स्प्राइट बोतलों में भरी कुल 9 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट