रायगढ़

महिला पर प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार
15-Mar-2026 6:10 PM
महिला पर प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 15 मार्च।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने महिला पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घायल महिला और आरोपी तुलेश्वर चौहान प्रेम विवाह कर पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे और घटना का कारण आपसी पुराना विवाद बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष दास महंत (32) निवासी तेंदूभाठा थाना घरघोड़ा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास संतोषी महंत वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा जिला सक्ती से प्रेम विवाह कर उनके साथ रह रही थी। दोनों हाल ही में तेंदूभाठा स्थित उनके घर में मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए थे।

रिपोर्ट के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 11 बजे गांव के पड़ोसी ने फोन कर संतोष महंत को सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने झगड़े के दौरान सब्जी काटने वाले लोहे के हसिया (परसूल) से संतोषी महंत के गर्दन और ठुड्डी पर वार कर दिया है। परिजनों ने महिला को घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाये, सूचना पाकर संतोष अस्पताल पहुंचा जहां देखा गया कि उसकी सास संतोषी के गर्दन, ठुड्डी और दोनों हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट लगी थी और खून निकल रहा था।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि पुरानी बात को लेकर आरोपी तुलेश्वर चौहान ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार हसिया से हमला किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पीडि़ता के चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त होने पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
 पूछताछ में आरोपी तुलेश्वर चौहान ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का हसिया जब्त कर लिया।


अन्य पोस्ट