रायगढ़

शिक्षिका पर जातिगत टिप्पणी का आरोप
15-Mar-2026 6:07 PM
शिक्षिका पर जातिगत टिप्पणी का आरोप

छात्र-परिजन ने की प्राचार्य से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 15 मार्च।
विकासखंड धरमजयगढ़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाकारुमा में पढ़ाई के दौरान की गई कथित टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कक्षा 9वीं के एक छात्र ने विद्यालय की शिक्षिका पर उसके धर्म और धार्मिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है, जिससे छात्र और उसके परिजन आहत बताए जा रहे हैं। विडंबना यह है कि इस मामले में शिकायत के बाद भी जांच तक की कार्रवाई नही हो सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं ‘बी’ के छात्र योगेश शर्मा ने बताया कि 23 फरवरी को विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही थीं। इसी दौरान हिंदी विषय की शिक्षिका कक्षा में पढ़ा रही थीं। छात्र का आरोप है कि उसके माथे पर लगे तिलक को देखकर शिक्षिका ने ब्राह्मण समाज और धार्मिक परंपराओं को लेकर टिप्पणी की। छात्र के मुताबिक शिक्षिका ने कहा कि तुम ब्राह्मण लोग माथे पर बड़ा तिलक और पूजा-पाठ केवल दक्षिणा के लिए करते हो, तुम्हारा ब्राह्मण समाज और धर्म ढोंग करता है। छात्र का कहना है कि इस तरह की बातों से उसे गहरी ठेस पहुंची। उसने कक्षा में विनम्रता से अपनी बात रखने की कोशिश भी की, लेकिन उसके अनुसार शिक्षिका ने अपनी बात दोहराई।

घटना से आहत छात्र ने इसे अपने धर्म का अपमान बताते हुए विद्यालय के प्राचार्य को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। छात्र का आरोप है कि विद्यालय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों और शिक्षा अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी।
मामले की जानकारी मिलने पर छात्र के पिता विद्यालय पहुंचे और शिक्षिका से चर्चा की। पिता का आरोप है कि शिक्षिका ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय ऐसी टिप्पणी करने से ही इनकार कर दिया और इसे छात्र की गलतफहमी बताया।
-----------


अन्य पोस्ट