राष्ट्रीय

यूपी में पिछले 24 घंटे में 26780 नए संक्रमित मिले, 353 लोगों ने तोड़ा दम
07-May-2021 8:53 AM
यूपी में पिछले 24 घंटे में 26780 नए संक्रमित मिले, 353 लोगों ने तोड़ा दम

लखनऊ, 6 मई| वैश्विक महामारी कोरोना की लहर कुछ धीमी पड़ने लगी है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 26780 नए संक्रमित मिले हैं जबकि 353 लोगों ने दम तोड़ा है। पहले नए संक्रमितों की संख्या 30 हजार के ऊपर ही रहती थी। इसके विपरीत 28902 लोग इसके संक्रमण से उबरे हैं। राजधानी लखनऊ में भी नए संक्रमित कम होते जा रहे हैं, लेकिन मृत्यु का ग्राफ बढ़ा है। लखनऊ में बीते 24 घंटे में 1865 नए संक्रमित मिले हैं। यहां पर कुल 26827 एक्टिव केस हैं जबकि बीते 24 घंटे में 3755 लोगों को संक्रमण से मुक्ति मिली है। लखनऊ में 24 घंटे में 65 लोगों ने दम तोड़ा है। लखनऊ के बाद कानपुर में 49 लोगों की मौत हुई है, यहां 24 घंटे में 782 नए संक्रमित मिले हैं। मुजफ्फरनगर में 21 लोगों की मृत्यु हुई तो 704 नए केस मिले हैं। गाजियाबाद में 953 नए केस मिले तो 15 लोगों ने दम तोड़ा है। गौतमबुद्धनगर में 13 लोगों का निधन हो गया, जहां पर 1227 नए संक्रमित सामने आए हैं। मेरठ व झांसी में 12-12 लोगों की मौत हो गई। मेरठ में 1167 तो झांसी में 717 नए संक्रमित मिले हैं। वाराणसी व प्रयागराज में अब स्थिति काफी सुधरी है। गोरखपुर में 24 घंटे में 991 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं जबकि यहां पर चार लोगों की मौत हुई है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गत एक दिन में कुल 2,25,670 सैम्पल की जांच की गयी, जिसमें से 1 लाख 12 हजार से अधिक निजी एवं सरकारी संस्थानों में आरटीपीसीआर के माध्यम से जांच की गई। प्रदेश में अब तक कुल 4,22,58,373 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 26,780 नये मामले आये हैं तथा 28,902 मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। अब तक 11,51,573 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कुल कोरोना के एक्टिव मामलों में से 1,99,096 व्यक्ति होम आइसोलेशन में हैं, इसके अतिरिक्त मरीज सरकारी एवं निजी चिकित्सालायों में इलाज करा रहे हैं।

प्रसाद ने बताया कि सर्विलांस की कार्यवाही निरन्तर चल रही है। प्रदेश में अब तक सर्विलांस टीम के माध्यम से 2,55,330 क्षेत्रों में 5,97,353 टीम दिवस के माध्यम से 3,42,81,410 घरों के 16,53,22,554 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। 45 वर्ष से अधिक आयु वालों का वैक्सीनेशन चल रहा है। अब तक 1,06,65,499 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई तथा पहली डोज वाले लोगों में से 25,90,456 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इस प्रकार कुल 1,32,55,955 वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 से 44 वर्ष वाले लोगों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। जिसके तहत 1 मई, से अब तक 68,536 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट