राष्ट्रीय

67वां राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड : छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘भूलन द मेज’ को पुरस्कार
22-Mar-2021 8:15 PM
67वां राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड : छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘भूलन द मेज’ को पुरस्कार

  'छिछोरे' को बेस्ट फिल्म, कंगना बेस्ट अभिनेत्री, बाजपेयी-धनुष को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार  

नई दिल्ली, 22 मार्च। 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है. कोरोना महामारी की वजह से पुरस्कारों के ऐलान में देरी हुई है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की है. मनोज वर्मा की ‘भूलन द मेज’ को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार मिला है. छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘भूलन द मेज’ को क्षेत्रीय फिल्म केटेगरी में पुरस्कार मिला है. संजीव बख़्शी की उपन्यास पर ये फिल्म बनी है. ये दिवंगत पदुमपुन्ना लाल बख्सी के बेटे संजीव बख़्शी हैं. इस फिल्म के निर्माता मनोज वर्मा हैं.

इस साल कुल 461 फीचर फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए रखा गया था। 2019 के पुरस्कारों की घोषणा इस बार की जा रही है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'छिछोरे' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया गया है। छिछोरे फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के साथ श्रद्धा कपूर, वरुण शर्मा, प्रतीक बब्बर,ताहिर राज मुख्य किरदार में नजर आए थे। सुशांत की ये आखिरी फिल्म थी।

वहीं, अभिनेत्री कंगना रणौत को बेस्ट एक्ट्रेस के खिताब से नवाजा गया है। ये पुरस्कार उन्हें फिल्म मणिकर्णिका और पंगा के लिए मिला है। कंगना को चौथी बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड से नवाजा गया है। इससे पहले उन्हें फैशन, क्वीन, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के लिए भी पुरस्कृत किया चुका है। पल्लवी जोशी को द ताशकंद फाइल्स के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया है। सुपरडीलक्स फिल्म के लिए विजय सेतुपति को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड दिया गया है।

सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक का पुरस्कार 'ए गांधीयन अफेयर: इंडियाज क्यूरिस पोर्ट्रेयल ऑफ लव इन सिनेमा' को मिला है। वहीं, स्पेशल मेंशन पुरस्कार 'बिरियानी', 'लता भगवान करे' (मराठी), 'जोना की पोरबा' (आसमिया), 'पिकासो' (मराठी) को मिला है। सिक्किम को 'सर्वाधिक फिल्म अनुकूल राज्य पुरस्कार' 2019 मिला है। नॉन फीचर फिल्म कैटेगिरी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार हिंदी भाषा की फिल्म 'एन इंजीनियर्ड ड्रीम' को मिला है। बेस्ट स्क्रीन प्ले (डॉयलॉग राइटर) - विवेक रंजन अग्निहोत्री, ताशकंद फाइल फिल्म के लिए मिला है।

भोंसले के लिए मनोज बाजपेयी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (हिंदी) के लिए चुना गया हैं। इससे पहले पिंजर और सत्या के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। मनोज बाजपेयी के अलावा धनुष ने भी बेस्ट एक्टर का खिताब अपने नाम किया है। ये पुरस्कार धनुष को असुरन (तमिल) के लिए मिला है।


अन्य पोस्ट