राष्ट्रीय

भुवनेश्वर, 21 मार्च | प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना लक्ष्मीप्रिया महापात्रा का शनिवार रात यहां उनके आवास पर निधन हो गया। वह 86 वर्ष की थीं। वह गुरु स्वर्गीय केलुचरण महापात्रा की पत्नी थी। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि लक्ष्मीप्रिया महापात्रा लंबे समय से बीमार थी।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान सहित कई गणमान्य लोगों ने महापात्रा के निधन पर दुख जताया है।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लक्ष्मीप्रिया महापात्रा को ओडिसी नृत्य के क्षेत्र में उनके महान योगदान और नृत्य कला को बढ़ावा देने के लिए उनके पूरे परिवार को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय महापात्रा के लिए एक राजकीय अंतिम संस्कार की घोषणा की। उनका रविवार को पुरी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति भी जताई है। (आईएएनएस)