राष्ट्रीय

दो दिवसीय बैंक हड़ताल रही सफल : एआईबीईए
16-Mar-2021 2:47 PM
दो दिवसीय बैंक हड़ताल रही सफल : एआईबीईए

चेन्नई, 16 मार्च | सरकारी बैंकों के निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल सफल रही। बैंक कर्मचारी संघ के एक शीर्ष नेता ने ये बात कही है। दो दिवसीय हड़ताल सोमवार से शुरू हुई थी।

अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के महासचिव सी.एच. वेंकटचलम, ने कहा कि विभिन्न राज्यों में हमारी यूनियनों से प्राप्त रिपोटरें के अनुसार, हड़ताल सफल रही है। बैंक की अधिकांश शाखाएं बंद हैं।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कुछ शाखाएं खुली थीं लेकिन कोई भी बैंकिंग लेनदेन नहीं किया गया क्योंकि अन्य कर्मचारी हड़ताल पर थे।

केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंकों के निजीकरण का फैसला किया है और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने विरोध में हड़ताल का आह्वान किया था।

बैंकिंग क्षेत्र में नौ यूनियनों की एक संस्था यूएफबीयू ने हड़ताल का आह्वान किया था। (आईएएनएस)
 


अन्य पोस्ट