राष्ट्रीय

धान खरीद मामले ने ओडिशा विधानसभा में हंगामा
12-Mar-2021 4:29 PM
धान खरीद मामले ने ओडिशा विधानसभा में हंगामा

भुवनेश्वर, 12 मार्च | ओडिशा विधानसभा का दूसरा चरण शुक्रवार को मंडी कुप्रबंधन को लेकर विपक्ष द्वारा मचाए गए हंगामे के साथ शुरू हुआ। विपक्ष द्वारा उठाए गए धान खरीद के मुद्दे के चलते सदन को बार-बार स्थगित किया गया।

विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सदन और किसानों के साथ धोखा किया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने सदन को आश्वासन दिया था कि असली किसानों से धान की खरीद की जाएगी और दलाली करने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

मिश्रा ने सवाल उठाया, "संसदीय मामलों के मंत्री के आश्वासन के बाद भी किसानों से धान की खरीदी नहीं की गई। यदि टोकन लेप्स हो गए हैं तो वे फिर से बनाए जा सकते हैं। राज्य सरकार ने सदन और किसानों को धोखा दिया है। यदि यहां लिए जाने वाले निर्णयों का सम्मान ही नहीं होता है तो सदन क्यों काम करेगा?"

वहीं कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बहनीपति ने कहा कि जब तक किसानों से धान की खरीद नहीं की जाती है, सदन को नहीं चलने दिया जाएगा।

इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष प्रदीप कुमार नाइक ने भी यही बात दोहराई कि मंत्री के आश्वासन के बाद भी किसानों से धान नहीं खरीदा जा रहा है। राज्य सरकार के पास पंचायत स्तर पर क्रिकेट मैच आयोजित करने के लिए पैसा है, लेकिन वह किसानों से धान नहीं खरीद पा रही है।

भाजपा विधायक जयनारायण मिश्रा ने धान खरीदी के लिए फिर से टोकन बनाए जाने की मांग की।

इस पर स्पीकर सूर्य नारायण पात्रो ने फैसला सुनाया कि खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री को दिन के आखिर तक इस मुद्दे पर एक बयान जारी करना चाहिए। इसके बाद शाम 4 बजे तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया गया। (आईएएनएस)
 


अन्य पोस्ट