राष्ट्रीय

भोपाल में कांग्रेस दफ्तर में सन्नाटा पसरा, कमल नाथ ने कहा जनता का फैसला स्वीकार
10-Nov-2020 4:50 PM
भोपाल में कांग्रेस दफ्तर में सन्नाटा पसरा, कमल नाथ ने कहा जनता का फैसला स्वीकार

भोपाल, 10 नवंबर| मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में चल रही मतगणना में कांग्रेस के पिछड़ने की आ रही खबरों के बीच भोपाल में पार्टी दफ्तर में सन्नाटा छा गया है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ भी पार्टी दफ्तर से घर लौट गए हैं और उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का जो भी निर्णय है उसे स्वीकार करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मतगणना की गति बढ़ने के बीच कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के कंट्रोल रुम में पहुंच गए थे और जिन 28 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना हो रही थी उसकी एक-एक गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। कांग्रेस जैसे ही हार की तरफ बढ़ने लगी, कमल नाथ पार्टी कार्यालय से घर की ओर निकल गए।

कमल नाथ ने पार्टी कार्यालय से निकलते हुए कहा कि, प्रदेश की जनता का जो भी निर्णय होगा वह स्वीकार्य होगा। जैसे भी नतीजे आएंगे, मै बड़े सम्मान के साथ इन 28 सीटों के मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं और नतीजों को स्वीकार करूंगा। पूरा रिजल्ट तो आ जाए।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पिछड़ने के बाद पार्टी कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। सुबह मतगणना के समय जो कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचे थे वे भी धीरे-धीरे घरों को जाने लगे। (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट