राष्ट्रीय

हाथरस जेल में किससे मिलने पहुंचे भाजपा सांसद?
05-Oct-2020 4:55 PM
हाथरस जेल में किससे मिलने पहुंचे भाजपा सांसद?

अलीगढ़, 5 अक्टूबर। हाथरस कांड को लेकर विवादों में आए हाथरस के भाजपा सांसद राजवीर दिलेर रविवार दोपहर जिला कारागार में गए और कुछ देर जेलर के कमरे में बैठने के बाद लौट गए। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि वे किससे मिलने गए थे या किससे मिलकर आए। मगर, उन्होंने जेल के अंदर जाने की बात सिरे से नकार दी है।

हाथरस कांड में उन पर आरोपी पक्ष की ओर से तमाम आरोप लग रहे हैं। इन आरोपों के लगने के बाद हाथरस व अलीगढ़ जिले में उनके पुतले फुंकने भी शुरू हो गए हैं। माना जा रहा है कि इसी विरोध के क्रम में वे हाथरस के चेयरमैन संग जेल में गए होंगे। कारागार प्रशासन की ओर से इस विषय में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि वे किससे मिले थे। हां, इतना जरूर बताया गया है कि किसी निजी काम से सांसद जेल के जेलर कार्यालय तक आए थे। इस विषय में जब सांसद राजवीर दिलेर से बात हुई तो उन्होंने बताया कि वे कहीं से निकलकर जा रहे थे। तभी जेल गेट पर एक परिचित मिल गए। जिनसे बातचीत कर चले आए। किसी से जेल में मिलने नहीं गए थे। 

हाथरस कांड की जांच कर रही एसआईटी ने रविवार शाम को अलीगढ़ में डेरा डाल दिया है। देर शाम टीम ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जांच के संबंध में जानकारियां जुटाईं। हालांकि एसआईटी स्तर से अधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जा रहा है। दोपहर में बेटी के परिवार से मिलकर निकलते समय इतना ही कहा था कि पिता के बयान दर्ज किए हैं। जल्द रिपोर्ट शासन को दे दी जाएगी। 

यहां से जाने के बाद जांच टीम सीधे अलीगढ़ पहुंची। जहां दोपहर बाद जेएन मेडिकल कॉलेज में गई। जहां बेटी 14 से 28 सितंबर तक भरती रही। इस दौरान मेडिकल परीक्षण आदि को लेकर जानकारियां कीं। जानकारी मिली है कि सोमवार को जांच टीम जेल में उन चारों आरोपियों के भी बयान ले सकती है जो इस कांड में जेल भेजे गए हैं। एसआईटी ने मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों के बयान दर्ज कर लिए हैं।


अन्य पोस्ट