राष्ट्रीय

कॉर्निया दान के प्रति लोगों को प्रेरित करने की जरूरत : हर्षवर्धन
26-Aug-2020 8:40 AM
 कॉर्निया दान के प्रति लोगों को प्रेरित करने की जरूरत : हर्षवर्धन

नयी दिल्‍ली 26 अगस्‍त (वार्ता) केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने आज कहा कि कॉर्निया प्रत्यारोपण के लिए प्रतीक्षारत मरीजों तथा कॉर्निया दान की संख्या के बड़े अंतर को पाटने के लिए लोगों को कॉर्निया दान के प्रति प्रेरित करने की जरुरत है।

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, दिल्ली के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नेत्र संस्थान स्थित राष्ट्रीय नेत्र बैंक (एनईबी)  द्वारा आयोजित 35वें राष्ट्रीय नेत्र दान पखवाड़े के अंतर्गत आज हुए वेबीनार में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि लाखों लोग कॉर्निया प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कॉर्निया प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे लोगों और दान की गई कॉर्निया के अंतर को दूर करने के लिए वर्तमान गति के अनुसार कई दशक लगेंगे।

उन्होंने कहा कि (एनईबी) की स्थापना 1965 में की गई थी। इन 55 वर्षों में एनईबी को 31,000 कॉर्निया उत्तक दान में मिले, जबकि 20,000 लोगों की प्रत्यारोपण के लिए शल्य क्रिया की गई। इससे 20,000 लोगों के जीवन से प्रत्यारोपण के बाद अंधकार मिटा। इस दर से देखें तो प्रति वर्ष लगभग 560 प्रत्यारोपण किए गए। उन्होंने कहा कि अगर यह गति रही तो प्रतीक्षारत मरीजों और कॉर्निया दान की संख्या के अंतर को खत्म करने में काफी समय लगेगा।

 डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि यह समय एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का है। इस कार्य को गति देने के लिए डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नेत्र संस्थान में प्रतिमाह एक प्रभावी गतिविधि आयोजित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को कॉर्निया दान करने के लिए प्रेरित किया जा सके। इसके लिए नई ऊर्जा और नये उत्साह की जरूरत है। दो वर्ष तक इस काम के लिए जुटकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य के लिए डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नेत्र संस्थान में अति-उन्नत सुविधाएं हैं और प्रशिक्षित शल्य चिकित्सक भी हैं। उन्होंने कहा , “ आइये हम सब  मिलकर इस लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दें।”


अन्य पोस्ट