राष्ट्रीय
ब्रातिस्लावा, 15 जून । भारत के प्रधानमंत्री और उनके स्लोवाकियाई समकक्ष रॉबर्ट फिचो के बीच ब्रातिस्लावा कैसल में अहम मुलाकात हुई। दोनों के अहम बैठक हुई, जिसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताया और भारत-ईयू एफटीए को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया की मदद का आभार भी जताया। पीएम मोदी ने संयुक्त वार्ता में कहा, "मेरी यह यात्रा किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है। मुझे खुशी है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हमने अपने संबंधों को कंप्रिहेंसिव पार्टनरशिप (व्यापक साझेदारी) का दर्जा देने का निर्णय लिया है। हमारे आत्मीयता भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिचो का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। वे अनुभवी नेता होने के साथ भारत के सच्चे मित्र हैं।" इसके बाद प्रधानमंत्री ने भारत-स्लोवाकिया संबंधों को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में उनकी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "उनकी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता का विशेष महत्व रहा है। मुझे खुशी है कि आज उनसे मिलकर हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने का सुअवसर मिला।" भारत के प्रधानमंत्री ने इंडिया-ईयू एफटीए को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया से मिले सहयोग के लिए भी पीएम फिचो का विशेष आभार व्यक्त किया, साथ ही कहा कि भारत इसे जल्द से जल्द लागू करने के लिए काम करेगा ताकि दोनों देशों के उद्योग, स्टार्टअप्स और ट्रेडर्स इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।
स्लोवाकिया के एक विश्वविद्यालय में इंडिया चेयर स्थापित करने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में एआई के विषय पर इंडिया चेयर स्थापित की जा रही है। एआई मानवता की सेवा और प्रगति का सशक्त माध्यम बने, यही हमारी साझा सोच है। हमारा मानना है कि एआई का भविष्य केवल इनोवेशन से नहीं, बल्कि ट्रस्ट (भरोसे), रिस्पॉन्सिबिलिटी (जिम्मेदारी) और ह्यूमन डिग्निटी (मानव सम्मान) पर आधारित होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "2017 में स्लोवाकिया की पहली सैटेलाइट भारत द्वारा लांच की गई थी। आज भारत में स्पेस सेक्टर अभूतपूर्व गति से नई ऊंचाइयां छू रहा है। मैं स्लोवाकिया की कंपनियों को इस विकास-यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के दौरे के दूसरे चरण में रविवार रात स्लोवाकिया पहुंचे। वे 16 जून तक वहां रहेंगे। राजधानी ब्रातिस्लावा में उनके आगमन पर विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराय ब्लानार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने ब्रातिस्लावा कैसल में स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिचो से मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रॉबर्ट फिचो को भारत आने का निमंत्रण भी दिया। -(आईएएनएस)


