राष्ट्रीय
गांधीनगर, 17 मई । देशव्यापी जनगणना 2027 के तहत गुजरात में रविवार से स्व-गणना सुविधा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में स्व-गणना की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे स्व-गणना करके इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय काम में सक्रिय रूप से भाग लें। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जनगणना-2027 के अनुरूप जनगणना प्लेटफॉर्म पर स्वयं और अपने परिवार का विवरण भरा। मुख्यमंत्री महोदय ने राज्य के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आज से लेकर 31 मई तक निर्धारित 15 दिनों की अवधि के भीतर अपनी स्व-गणना करके, इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय रूप से भाग लें और एक सशक्त, समावेशी व विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। गुजरात में स्व-गणना सुविधा 31 मई तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद संबंधित मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 जून से 30 जून तक संचालित किया जाएगा। गौरतलब है कि जनगणना 2027 पहली बार डिजिटल माध्यमों के उपयोग के साथ आयोजित की जा रही है, जबकि व्यापक और सटीक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए पारंपरिक घर-घर जाकर गणना की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
फील्ड विजिट के दौरान प्रगणक (सर्वे अधिकारी) एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप से डेटा एकत्र कर रहे हैं। इस चरण में आवासीय स्थिति, परिवार संबंधी विवरण, उपलब्ध सुविधाएं और परिवारों के पास उपलब्ध संपत्तियों से संबंधित जानकारी 33 अधिसूचित प्रश्नों वाली प्रश्नावली के माध्यम से एकत्र की जा रही है। यह डेटा साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण और कल्याण व विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेगा। पूरे देश में जनगणना कार्यों में पहली बार शुरू की गई स्व-गणना सुविधा को जनता से उत्साहजनक रिस्पांस मिल रहा है। 25 राज्यों में आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अब तक 1.44 करोड़ से अधिक परिवार स्व-गणना पूरी कर चुके हैं। यह पहल जनगणना कार्यों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और निवासियों को जनगणना प्रक्रिया में सुविधाजनक एवं सुरक्षित रूप से भाग लेने का अवसर प्रदान करती है। -- (आईएएनएस)


