राष्ट्रीय
चंडीगढ़, 13 मई । पंजाब में एक बार फिर बम की धमकी ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इस बार मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को निशाना बनाने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पूरे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक धमकी भर ईमेल मिला, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑफिस निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को भी 6 जून तक जान से मारने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित भाजपा मुख्यालय और दिल्ली में मौजूद पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय का भी जिक्र किया गया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। धमकी सामने आने के तुरंत बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मुख्यमंत्री आवास, बीजेपी कार्यालयों और अन्य संवेदनशील सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कई जगहों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बलों को हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सेल भी इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। ईमेल कहां से भेजा गया, किसने भेजा और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं, इस बारे में तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में फिलहाल किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह पहली बार नहीं है जब पंजाब में इस तरह की धमकी भरे ईमेल सामने आए हों। इससे पहले 7 मई को जालंधर के कई स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जिनमें बम धमाकों और आत्मघाती हमलों की बात कही गई थी। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी मिलने की खबरें भी सामने आई थीं। --(आईएएनएस)


