राष्ट्रीय

'बिहार चुनाव समाप्त, यमुना में फिर लौट आया झाग', 'आप' ने खड़े किए सवाल
17-Nov-2025 2:27 PM
'बिहार चुनाव समाप्त, यमुना में फिर लौट आया झाग', 'आप' ने खड़े किए सवाल

नई दिल्ली, 17 नवंबर । दिल्ली में यमुना नदी का प्रदूषण एक बार फिर सुर्खियों में है। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार सुबह भाजपा सरकार पर यमुना सफाई अभियान को लेकर बड़े आरोप लगाए और दावा किया कि सफाई को लेकर चलाया गया अभियान केवल दिखावा था, जो बिहार चुनाव खत्म होते ही बंद कर दिया गया। इस आरोप के समर्थन में "आप" के विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कालिंदी कुंज क्षेत्र का वीडियो जारी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने इसे लेकर भाजपा पर तीखा वार करते हुए कहा कि “बिहार चुनाव समाप्त होते ही भाजपा की यमुना सफाई की नौटंकी भी खत्म हो गई। अब नदी में सिर्फ झाग ही झाग दिखाई दे रहा है।”

कालिंदी कुंज पहुंचे विधायक संजीव झा ने दावा किया कि यमुना की मौजूदा स्थिति भाजपा सरकार की नाकामी का प्रमाण है। उन्होंने कहा, “ऊपर से देखने पर यह सफेद परत खूबसूरत लग सकती है, लेकिन झाग की चादर ने यमुना मां को ढक दिया है। रसायन छिड़काव और नावों से झाग हटाने का काम 25 दिन पहले रोक दिया गया। यह साफ संकेत है कि प्रदूषण खत्म करने की मंशा ही नहीं है।” झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार दावा करती है कि यमुना साफ है, तो वह कैमरे के सामने यमुना जल का आचमन कर दिखाएं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा जारी किया गया यमुना सफाई का वीडियो वास्तव में आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान खरीदी गई मशीनों पर आधारित था। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी सरकार पर हमले किए और कहा, “ एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी छिड़कवाने के बावजूद एक्यूआई 500 के पार है। प्रदूषण कम नहीं हो रहा, बल्कि डेटा छुपाया जा रहा है। इस दौरान विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि यमुना की सतह पर झाग की मोटी परत देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे नदी पर बर्फ जम गई हो।" उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा के झूठ की बरसात हो रही है। दिल्ली में एलजी, एमसीडी, डीडीए, केंद्र और राज्य हर संस्थान भाजपा के नियंत्रण में है, इसलिए अब जिम्मेदारी से बचने का कोई बहाना नहीं बन सकता। --(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट