राष्ट्रीय
भुवनेश्वर, 11 फरवरी ओडिशा में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आज सुबह भुवनेश्वर के टंकपानी इलाके में पुरी बाईपास रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बाइक गलत दिशा से आ रही थी, जबकि कार 'पुरी' की ओर जा रही थी।
उन्होंने बताया, शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आगे बताया कि कार के मालिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस ने जानकारी दी कि मृतक शहर के जीजीपी कॉलोनी में निवासी थे।
दूसरी घटना में मयूरभंज जिले के बारीपदा सदर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मंचबंधा के पास एक एसयूवी द्वारा टक्कर मारे जाने से एक अन्य वाहन सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक मयूरभंज जिले के सुलियापाड़ा इलाके के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि एसयूवी बेतानती इलाके से बारीपदा शहर की ओर जा रही थी, जबकि ऑटो विपरीत दिशा से आ रहा था।
एक अन्य घटना में, सोमवार देर रात भुवनेश्वर के यूनिट-चार शास्त्री नगर इलाके के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी कार सड़क किनारे एक घर में जा घुसी।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। (भाषा)


