राष्ट्रीय

असम में मंदिर परिसर में महिला से बलात्कार के आरोप में सात लोग गिरफ्तार
13-Dec-2024 4:59 PM
असम में मंदिर परिसर में महिला से बलात्कार के आरोप में सात लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी, 13 दिसंबर असम के गुवाहाटी में एक मंदिर परिसर में एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में शुक्रवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर गोरचुक क्षेत्र में हुई घटना का कथित वीडियो स्थानीय लोगों के बीच प्रसारित होने के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह ने कहा कि कथित सामूहिक बलात्कार का वीडियो शुक्रवार सुबह एक पत्रकार से प्राप्त हुआ।

बराह ने कहा, ‘‘प्राप्त सूचना और वीडियो के गहन विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने गोरचुक और जालुकबारी पुलिस थाने के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर तत्काल छापे मारे और वीडियो में दिखे सात लोगों की पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।’’

उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच है।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘ महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। जांच जारी है।’’

वहीं एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 17 नवंबर को तब हुई जब इलाके में रास उत्सव मनाया जा रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों में से एक महिला को मंदिर परिसर में ले गया था और वहां उसके साथ बलात्कार किया गया और घटना का वीडियो भी बनाया गया। यह मंदिर पहाड़ी इलाके में है।’’

पीटीआई-भाषा वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

अधिकारी ने बताया कि कथित वीडियो में नौ लोगों की पहचान की गई है और उनमें से दो फरार हैं।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि नशे के आदी लोग नियमित रूप से मंदिर और आस-पास के इलाकों में घूमते रहते हैं।  (भाषा)

 


अन्य पोस्ट