राष्ट्रीय

उप्र : मूकबधिर महिला से दुष्कर्म, उसकी बच्ची से छेड़छाड़
23-Oct-2024 1:49 PM
उप्र : मूकबधिर महिला से दुष्कर्म, उसकी बच्ची से छेड़छाड़

बांदा (उप्र), 23 अक्टूबर बांदा से सटे चित्रकूट जिले में एक मूकबधिर महिला के साथ उसके परिचित व्यक्ति ने ही कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसकी नवजात बच्ची के साथ छेड़छाड़ भी की। पुलिस के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है लेकिन वह घटना के बाद से फरार है।

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार को भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

पुलिस अधीक्षक ने शिकायत के हवाले से बताया, ‘‘मंगलवार को जब महिला घर में खाना पका रही थी और उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था, तभी आरोपी राज नारायण घर में घुसा और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘बाद में उसने महिला की नवजात बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की। जब पति वापस लौटा तो महिला ने इशारों में उसे पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद पति ने पुलिस से संपर्क किया।’’

सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी गई हैं।  (भाषा)


अन्य पोस्ट