राष्ट्रीय

प्रियंका वाद्रा का ‘परिवारवाद की राजनीति’ पर बात करना हास्यास्पद : के. कविता
19-Oct-2023 4:27 PM
प्रियंका वाद्रा का ‘परिवारवाद की राजनीति’ पर बात करना हास्यास्पद : के. कविता

हैदराबाद, 19 अक्टूबर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए बीआरएस नेता के. कविता ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस नेता को “परिवारवाद की राजनीति” के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है।

यहां से करीब 180 किलोमीटर दूर आर्मूर में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की बेटी ने लोकप्रिय कहावत “जो लोग शीशे के घरों में रहते हैं, उन्हें पत्थर नहीं फेंकना चाहिए” का हवाला देते हुए प्रियंका पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए।

बुधवार को मुलुगु में एक सार्वजनिक रैली में प्रियंका ने केसीआर सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि तेलंगाना के लोगों ने सपना देखा था कि सामाजिक न्याय होगा, लेकिन राज्य में तीन-तीन मंत्री मुख्यमंत्री के परिवार से ही हैं।

विधान परिषद सदस्य कविता ने कहा, “मोतीलाल नेहरू जी की पर-प्रपौत्री, जवाहर लाल नेहरू जी की प्रपौत्री, इंदिरा गांधी जी की पोती और राजीव गांधी जी की बेटी प्रियंका गांधी जी परिवार की राजनीति के बारे में बात कर रही हैं। यह सबसे मजेदार बात है जो मैंने पूरे चुनाव अभियान में सुनी है।”

एमएलसी और निजामाबाद से पूर्व सांसद कल्वाकुंतला कविता लोगों के साथ बथुकम्मा पर्व मनाने के लिए संसदीय क्षेत्र में हैं। (भाषा) 


अन्य पोस्ट