राष्ट्रीय

जालंधर में 70 फुट गहरे गड्ढे में 35 घंटे से ज्यादा समय से फंसा है श्रमिक, बचाव अभियान जारी
14-Aug-2023 2:48 PM
जालंधर में 70 फुट गहरे गड्ढे में 35 घंटे से ज्यादा समय से फंसा है श्रमिक, बचाव अभियान जारी

चंडीगढ़, 14 अगस्त पंजाब के जालंधर जिले में 35 घंटे से अधिक समय से 70 फुट गहरे गड्ढे में फंसे 55 वर्षीय श्रमिक को बचाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सुरेश नामक यह व्यक्ति शनिवार को एक अन्य कर्मचारी के साथ दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के लिए जारी निर्माण कार्य के तहत खोदे गए गड्ढे में बोरिंग मशीन के उस हिस्से को निकालने के लिए घुसा था, जो नीचे ही फंस गया।

अधिकारियों ने बताया कि जब दूसरा मजदूर बाहर आया तो सुरेश के ऊपर मिट्टी गिर गई और वह फंस गया।

एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत एक खंभा लगाने के लिए यह गड्ढा खोदा गया था।

शनिवार शाम को शुरू हुआ बचाव अभियान रविवार को भी जारी रहा लेकिन सुरेश को अब तक निकाला नहीं जा सका है।

बचावकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि सुरेश तक पहुंचने के लिए जैसे-जैसे वे गहरी खुदाई कर रहे हैं, नरम मिट्टी धंसती जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि खुदाई स्थल के पास एक तालाब भी चुनौती पेश कर रहा है।

जालंधर के अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) जसबीर सिंह ने सोमवार को कहा कि बचाव अभियान जारी है। हरियाणा के जींद के रहने वाले सुरेश को बचाने के लिए जिला प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) का अभियान जारी है।

मिट्टी की खुदाई करने वाली मशीनों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर एक चिकित्सा टीम और एक एम्बुलेंस भी तैनात है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि काम में अनुभव रखने वाले दोनों श्रमिकों को ऑक्सीजन सिलेंडर और सुरक्षात्मक गियर के साथ गड्ढे में भेजा गया था।

उन्होंने कहा था कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। (भाषा) 


अन्य पोस्ट