राष्ट्रीय
नयी दिल्ली, 20 जुलाई संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सभी सांसदों से देशहित तथा जनहित के विषयों पर सदन में सार्थक संवाद करने की अपील की।
बिरला ने ट्वीट किया, ‘‘ संसद का मानसून सत्र आज प्रारंभ हो रहा है। लोकसभा में सभी दलों के नेताओं और सदस्यों से आग्रह है कि देशहित तथा जनहित के विषयों पर सदन में सार्थक संवाद हो।’’
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ चर्चा के जरिए आम लोगों की कठिनाइयों का समाधान कर हम देश को प्रगति पथ पर गतिमान करें। जनमानस की भी हमसे यही अपेक्षा है।’’
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही सदन के दो मौजूदा और 11 पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 10 मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
मानसून सत्र का आज पहला दिन है। इस सत्र का समापन 11 अगस्त को प्रस्तावित है। इस दौरान संसद के दोनों सदनों की कुल 17 बैठकें होनी हैं। (भाषा)


