राष्ट्रीय
.jpg)
नयी दिल्ली, 18 मई केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल करते हुए बृहस्पतिवार को किरेन रीजीजू की जगह संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। रीजीजू अब पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे।
न्यायिक नियुक्तियों को लेकर उच्चतम न्यायालय के साथ लगातार टकराव का सामना करने वाले रीजीजू 7 जुलाई, 2021 को कानून मंत्री बने थे। उस समय खेल मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री रीजीजू को भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के इस्तीफे के बाद यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिली थी।
रीजीजू ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि शीर्ष अदालत और उच्च न्यायालयों में नियुक्तियां करने की कॉलेजियम प्रणाली भारत के संविधान से अलग है और देश के लोगों द्वारा समर्थित नहीं है। जनवरी में, उन्होंने कॉलेजियम प्रणाली में सरकार के नामित लोगों को शामिल करने के लिए प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ को पत्र भी लिखा था।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया है।
बयान में कहा गया है, ‘‘पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार किरेन रीजीजू को सौंपा गया है।’’
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे।
मेघवाल वर्तमान में संसदीय कार्य राज्यमंत्री और संस्कृति राज्यमंत्री हैं।
बयान के अनुसार, मेघवाल को उनके मौजूदा विभागों के अतिरिक्त कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। (भाषा)