राष्ट्रीय

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से तीन की मौत, 13 गंभीर रुप से घायल
06-Oct-2022 4:02 PM
ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से तीन की मौत, 13 गंभीर रुप से घायल

रीवा, 6 अक्टूबर ।  मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक ट्रैक्टर ट्रॉली के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ये लोग देवी दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे थे।

पुलिस के उप मंडल अधिकारी (एसडीओपी) नवीन दुबे ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ घायलों में से 13 की हालत गंभीर है और उनका इलाज संजय गांधी स्मृति अस्पताल में किया जा रहा है। शेष घायलों को मऊगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ उन्होंने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर सुमेदा गांव में हुई और हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 40 लोग सवार थे।

दुबे ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुशवाहा (45), अश्विनी पटेल (17) और राम उजागर (70) के तौर पर हुई है।

एसडीओपी ने कहा, ‘‘ चालक वीरेंद्र पटेल नशे में था और एक गड्ढे के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। चालक घायल है और अस्पताल में भर्ती है।’’ (भाषा) ।

 


अन्य पोस्ट