मोहला मानपुर चौकी

महिला मोर्चा ने सीएम का फूंका पुतला
23-Feb-2023 6:17 PM
महिला मोर्चा ने सीएम का फूंका पुतला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबागढ़ चौकी, 23 फरवरी। राजधानी में नाबालिग किशोरी पर सरेराह जानलेवा हमला किए जाने के मामले को प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली और कांग्रेस शासन की भ्रष्ट व्यवस्था करार देते जिला भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार को एमएमसी जिले के अंबागढ़ चौकी में मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। भारी पुलिस व्यवस्था के बीच भी महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के दौरान पुतला दहन किया।

 संगठन की महिला पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता व भाजयुमो नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। अंबागढ़ चौकी के बस स्टैंड में जुटकर महिलाओं ने प्रदेश में व्याप्त अराजकता के लेकर कांग्रेस सरकार और उसके मुखिया को दोषी ठहराते जमकर नारेबाजी की।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश सारस्वत ने कहा कि सडक़ पर युवतियों-किशोरियों पर सरेआम जानलेवा हमले हो रहे हैं। प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। कुछ दिनों पहले राजधानी रायपुर में सडक़ पर एक आरोपी नाबालिग के बाल खींचते और गंडासे से उस पर जानलेवा हमला करते बेखौफ  घुमाता रहा। वह बच्ची आज भी सदमे में है। प्रदेश का हर परिवार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। ऐसी घटनाओं के बाद तो नैतिक जिम्मेदारी लेते मुख्यमंत्री, गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

पुतला दहन की तैयारियों के साथ पहुंची पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से पुलिस बल ने पुतला छीनने का भरसक प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पूरा जोर लगाकर अंतत: पुतला फूंक दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में ईश्वरी धुर्वे,  प्रतिभा यादव, कुंजलता हरमुख,  योगमाया साहू, तीजनबाई मनिकपुरी,  गायत्री सिंह, लता मंडावी, गुलाब गोस्वामी, रियाजुद्दीन कुरैशी, काशी निषाद, मोहन जैन,  राजू सिन्हा,   राजू गुजराती,  मोहसीन खान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट