मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 7 सितंबर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खडग़वां थाना क्षेत्र के ग्राम गिद्धमुड़ी में खाना नहीं बनाने की बात पर नाराज होकर पत्नी पर फावड़े से हमला करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर की सुबह लगभग 7 बजे आरोपी रंजीत सिंह (52 वर्ष) ने खाना बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी लक्ष्मनिया बाई के सिर पर फावड़े से वार कर दिया। गंभीर स्थिति में महिला को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 4 सितंबर की रात करीब 9 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
सूचक मिथुन की रिपोर्ट पर बैकुंठपुर थाने में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। पश्चात मर्ग डायरी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट खडग़वां थाने स्थानांतरित होने पर मर्ग क्रमांक 70/26 धारा 194 (बीएनएसएस) दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 122/26 पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खडग़वां थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी रंजीत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा जब्त कर उसे 6 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।