मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 18 जुलाई। चिरमिरी में जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर अभाविप के कार्यकर्ताओं ने सेवा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक समर्पण का परिचय देते हुए विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
रथ यात्रा के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल वितरण, प्रसाद वितरण, यात्रा मार्ग पर सहयोग, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न सेवा कार्यों में अपना योगदान दिया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनुशासन, संयम और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
अभाविप ने सभी श्रद्धालुओं, आयोजन समिति, स्थानीय प्रशासन एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता और सहयोग से ही ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सफल बनते हैं।
परिषद ने संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में भी वह सेवा, संस्कार और संगठन के मूल्यों को लेकर समाजहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोडऩे का कार्य निरंतर जारी रखेगी।