मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

जेसीबी की चपेट मेें मौत, लाश रख परिजनों का प्रदर्शन
11-Jul-2026 8:05 PM
जेसीबी की चपेट मेें मौत, लाश रख परिजनों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 11 जुलाई। मनेन्द्रगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की गैस पाइपलाइन विस्तार परियोजना के दौरान एक सडक़ हादसा हो गया। पाइपलाइन बिछाने के कार्य में लगी जेसीबी की चपेट में आने से बीती रात स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर भेज दिया गया है।

शनिवार सुबह आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में नारेबाजी करते हुए युवक के शव को सडक़ पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। अफसरों की घंटों समझाइश और जेसीबी चालक पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन काम कर रही थी। रात करीब 10 बजे स्कूटी सवार दोनों युवक राघवेंद्र (28),व सागर (25) वहां से गुजर रहे थे, तभी वे जेसीबी की चपेट में आ गए। हादसे में राघवेंद्र की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मरच्युरी में रखवाया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद जेसीबी चालक के खिलाफ लापरवाही सहित तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 युवक की मौत से आक्रोशित परिजन शनिवार सुबह सिटी कोतवाली पहुंच गए।

मृतक की पत्नी, अन्य परिजनों और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में नारेबाजी करते हुए युवक के शव को सडक़ पर रखकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। परिजनों का आरोप है कि लापरवाही के कारण उनके परिवार के सदस्य की जान गई, इसलिए दोषी के खिलाफ सख्त  कार्रवाई की जाए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक,नजुल तहसीलदार विनीत सिंह, टीआई विवेक पाटले कोतवाली पहुंचे। फिर भी मामला शांत नहीं हुआ, वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

चार घंटे चले विरोध पश्चात अपर कलेक्टर अनिल सिदार ने परिजन व जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर मामले का पटाक्षेप किया।


अन्य पोस्ट